Jharkhand

गढ़वा: बस पकड़ने निकले शिक्षक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से रेता गला

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
गढ़वा: बस पकड़ने निकले शिक्षक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से रेता गला

गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में एक सरकारी शिक्षक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है. भवनाथपुर थाना क्षेत्र के सिंदुरिया पुनर्वास निवासी और राजकीय मध्य विद्यालय बेलपहाड़ी के सहायक शिक्षक सुनील साह पर सोमवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उनका गला रेत दिया. गंभीर रूप से घायल शिक्षक का इलाज फिलहाल मेदिनीनगर के गंगा अस्पताल में चल रहा है. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 2:30 बजे सुनील साह एक बस पकड़ने के लिए सड़क किनारे बने यात्री शेड के पास खड़े थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर आए पांच अज्ञात युवक वहां पहुंचे. आरोप है कि बदमाशों ने पहले उन्हें जबरन पकड़कर बाइक पर बैठाया और धनीमंडरा रोड की ओर ले गए.

परिजनों का आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने सुनील साह को जबरन जहर पिलाने की कोशिश की. जब वे इसमें सफल नहीं हुए तो धारदार हथियार से उनका गला रेतकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल शिक्षक किसी तरह अपने घर पहुंचे, जहां परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. इसके बाद उन्हें भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया. बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित गंगा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद की आशंका है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी किसी एक कारण पर निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी भी की जा रही है.

भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि घायल शिक्षक का बयान दर्ज होने और अन्य साक्ष्य मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी. फिलहाल इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है, जबकि शिक्षक की हालत गंभीर बनी हुई है.

रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार