Jharkhand

गढ़वा पुलिस ने 5 घंटे में सुलझाया अपहरण कांड, दो आरोपी गिरफ्तार, युवक सुरक्षित बरामद

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

गढ़वा(GARHWA): जिले की पुलिस ने अपहरण और फिरौती से जुड़े एक गंभीर मामले का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया, जबकि इस मामले में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस की इस तेज कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई और पीड़ित की जान बचाई जा सकी.

इस पूरे मामले की जानकारी एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि 3 जून को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एलएनटी कंपनी में पाइप फिटर के पद पर कार्यरत मुरारी तिवारी का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया है और उनके परिजनों से फिरौती की मांग की जा रही है.

सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. इस टीम में श्री बंशीधर नगर के इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, मझिआंव के इंस्पेक्टर बृज कुमार सहित कई थानों के थाना प्रभारी शामिल किए गए. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मझिआंव थाना क्षेत्र के चंदना गांव में छापेमारी की.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने शेख अंसार और नदीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की. दोनों आरोपी मझिआंव थाना क्षेत्र के चंदना गांव के रहने वाले हैं. पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि पीड़ित के परिजनों से ऑनलाइन के जरिए 30 हजार रुपये मंगवाए गए थे. इसके साथ ही उन्होंने इस वारदात में शामिल अन्य अपराधियों के नाम भी उजागर किए. लपुलिस दबाव बढ़ने के बाद अपराधियों ने मुरारी तिवारी को चंदना और रमना के बीच छोड़ दिया और फरार हो गए. पुलिस ने युवक को मात्र पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया.

पीड़ित ने बताया कि 3 जून को वह सगमा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास काम कर रहे थे, तभी दोपहर करीब 2:30 बजे एक सफेद बोलेरो में सवार छह अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया था. अपराधियों ने उससे 7.5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी. लइस मामले में धुरकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार