गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में सोन नदी में हुए दर्दनाक हादसे के तीन दिन बाद भी लापता लड़की खुशबू कुमारी का शव बरामद नहीं हो सका है. केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव के पास सोन नदी में सावन की दूसरी सोमवारी के मौके पर जल भरने गई तीन लड़कियां नदी में डूब गई थीं. हादसे में दो लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक को सुरक्षित बचा लिया गया. एक मृतका जूली कुमारी का शव बरामद कर लिया गया है, वहीं खुशबू की तलाश अब भी जारी है.
रील बनाने के दौरान नदी में डूबने की बात
जानकारी के अनुसार, तीनों लड़कियां सावन की दूसरी सोमवारी के मौके पर सोन नदी के पास पहुंची थीं. इसी दौरान नदी में रील बनाने के दौरान तीनों के डूबने की घटना सामने आई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने खोज अभियान शुरू किया. काफी तलाश के बाद जूली कुमारी का शव घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर कांडी थाना क्षेत्र के श्रीनगर के पास सोन नदी के किनारे से बरामद किया गया.
खुशबू की तलाश में जुटे ग्रामीण और गोताखोर
हादसे के तीन दिन बीत जाने के बाद भी खुशबू कुमारी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. उसके परिजन लगातार सोन नदी के अलग-अलग घाटों पर उसकी तलाश कर रहे हैं. परिवार का कहना है कि बेटी की तलाश में दिन-रात एक कर दिया गया है और उन्हें अब भी उसके मिलने की उम्मीद है. पुलिस और प्रशासन की मदद के लिए स्थानीय गोताखोरों को भी खोज अभियान में लगाया गया है. ग्रामीण भी नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश करने में जुटे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अभियान में और संसाधन लगाने तथा खोज का दायरा बढ़ाने की मांग की है.
जूली के परिवार से मिले JMM नेता
घटना की जानकारी मिलने के बाद JMM नेता दीपक प्रताप देव केतार पहुंचे. उन्होंने मृतका जूली कुमारी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहना जरूरी है. उन्होंने परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
खुशबू की तलाश तेज करने की अपील
दीपक प्रताप देव ने सोन नदी में अब भी लापता खुशबू कुमारी की तलाश को लेकर जिला प्रशासन से अभियान तेज करने की अपील की. उन्होंने कहा कि खोज अभियान में पर्याप्त संसाधनों के साथ विशेषज्ञ गोताखोरों और जरूरी टीमों को लगाया जाना चाहिए, ताकि लापता लड़की का जल्द पता लगाया जा सके. फिलहाल सोन नदी में खुशबू की तलाश जारी है. हादसे के बाद पाचाडुमर और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है. परिजन बेसब्री से अपनी बेटी के मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि ग्रामीण प्रशासन के साथ मिलकर खोज अभियान में सहयोग कर रहे हैं.
रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार
