☰
Jharkhand

गढ़वा: साले के साथ होटल के कमरे में रात भर छलका जाम, अगले दिन मिली जीजा की लाश, जांच में जुटी पुलिस

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): जिला मुख्यालय के रंका मोड़ स्थित होटल उजाला के एक कमरे में मंगलवार को 32 वर्षीय राजन तिवारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला. पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओड़नार गांव का रहने वाला राजन, वाहन सीज करने का काम करता था. घटना की भनक लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और होटल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

जानकारी के मुताबिक राजन तिवारी, पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो गांव निवासी अपने साले संजय तिवारी और दो अन्य सहयोगियों, गढ़वा थाना क्षेत्र के पोटमा गांव के शुभम तिवारी व खजूरी गांव के सूरज पासवान के साथ सोमवार की रात होटल उजाला में ठहरा था. कमरे के भीतर देर रात तक जाम छलके और शराब की महफिल सजी. इसके बाद सभी गहरी नींद में सो गए. 

सुबह जब संजय तिवारी की आंख खुली, तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. बिस्तर पर राजन अचेत पड़ा हुआ था, जबकि रात में साथ सोए बाकी दो साथी कमरे से गायब थे. संजय ने राजन को झकझोर कर उठाने की काफी कोशिश की, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई. अनहोनी की आशंका होते ही उसने तुरंत स्वजन और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और कमरे को सील करते हुए तफ्तीश शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज कर पोस्टमार्टम कराया. रात की शराब पार्टी के बाद दो साथियों का अचानक गायब होना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. मौत की असली वजह जहरीली शराब है, कोई अंदरूनी बीमारी या फिर कोई गहरी साजिश, पुलिस हर पहलू पर तफ्तीश आगे बढ़ा रही है.

 रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार