Jharkhand

गढ़वा: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची पति के मौत की साजिश, सास के शक से ऐसे खुली पोल....

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज थाना क्षेत्र में पति की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने कथित तौर पर प्रेमी और उसके सहयोगी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी. मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी मनीषा देवी, उसके कथित प्रेमी मोहम्मद हसन और सहयोगी मोहम्मद परवेज को गिरफ्तार किया है. पुलिस की कार्रवाई गढ़वा जिले में हुई है.

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद हसन किराये का मकान तलाशते हुए मनीषा देवी के घर पहुंचा था. इसी दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उनके बीच प्रेम संबंध बन गए. बताया जा रहा है कि मनीषा अपने पति रवि प्रकाश से अलग होना चाहती थी. तलाक की कोशिश सफल नहीं होने के बाद दोनों ने कथित तौर पर रवि को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

जांच के मुताबिक, मनीषा अपने मायके गढ़वा के चिनिया थाना क्षेत्र स्थित बरवाही गांव चली गई और पति को वहां बुलाया. रवि बाइक से ससुराल के लिए निकला. आरोप है कि मनीषा उसके सफर और मोबाइल लोकेशन की जानकारी हसन को देती रही. बरवाही गांव के पास जंगल इलाके में हसन और परवेज ने कथित तौर पर रवि की बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में रवि की मौत हो गई.

घटना के बाद इसे सड़क दुर्घटना बताने की कोशिश की गई. लेकिन रवि की मां को मामले पर संदेह हुआ. उनकी शिकायत पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन की जांच में हसन और मनीषा के बीच लगातार संपर्क की बात सामने आई. घटना के समय हसन की मौजूदगी भी घटनास्थल के आसपास पाई गई.

इसके बाद पुलिस ने हसन को भंडरिया से पकड़ा. पूछताछ के आधार पर मनीषा और परवेज को भी गिरफ्तार किया गया. रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि तकनीकी जांच से मिले सुरागों के बाद मामले की गुत्थी सुलझाई गई.

रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार