Jharkhand

गढ़वा आपूर्ति विभाग में सनसनी, नाजीर पर शादी का झूठा वादा कर संबंध बनाने का आरोप

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

गढ़वा (GARWAH): गढ़वा जिला समाहरणालय के आपूर्ति विभाग से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां तैनात एक नाजीर पर एक विधवा महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद पीड़िता की लिखित शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है जिसके बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता एक विधवा महिला है और उसके तीन बच्चे हैं. महिला का आरोप है कि वर्ष 2023 में राशन कार्ड बनवाने के सिलसिले में जब वह जिला आपूर्ति कार्यालय गई थी, तभी उसकी मुलाकात नाजीर अजय कुमार से हुई थी. काम कराने के बहाने आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर लिया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ.

जानकारी के अनुसार, महिला का गंभीर आरोप है कि आरोपी अजय कुमार ने शादी का झूठा वादा कर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए. आवेदन में पीड़िता ने यह भी उल्लेख किया है कि कुंभ मेले के दौरान आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर विवाह करने का पूरा भरोसा दिया था, लेकिन अब वह अपनी बात से साफ मुकर रहा है और शादी करने से पूरी तरह इनकार कर रहा है. इसके अलावा महिला ने कार्यालय के एक कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार पर भी गाली-गलौज करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है, हालांकि अनिल कुमार ने खुद पर लगे इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और गलत बताया है.

इस पूरे मामले की जानकारी मिलने पर गढ़वा के उपायुक्त ने त्वरित संज्ञान लिया है. उन्होंने तत्काल जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि संबंधित आरोपी कर्मी को उसके मूल विभाग में वापस भेज दिया जाए और उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई शुरू की जाए. जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि मामले में उचित कार्रवाई के लिए उपायुक्त को आधिकारिक पत्र भेज दिया गया है और उच्च स्तर से निर्देश मिलते ही आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई पूरी की जाएगी.