गढ़वा(GARHWA): जिले में अवैध बालू के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन का एक्शन लगातार जारी है. अवैध उत्खनन और बालू के अनधिकृत भंडारण के विरुद्ध लगातार चौथे दिन भी छापेमारी की गई. धुरकी थाना क्षेत्र में कनहर नदी के किनारे वन भूमि पर भंडारित करीब 500 डंपर अवैध बालू जब्त किया गया है. उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा है. वहीं, प्रशासन अब अवैध बालू का भंडारण करने वाले व्यक्ति की पहचान में जुटा है.
बड़े पैमाने पर हो रहा था बालू का अवैध भंडारण
मामला गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के अम्बाखोरिया पंचायत का है, जहां कनहर नदी के किनारे कुशमाहा घाट के पास जंगल की जमीन पर बड़े पैमाने पर बालू का अवैध भंडारण किया गया था, जिला प्रशासन की विशेष टीम ने छापेमारी कर करीब 500 डंपर बालू जब्त किया. यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा और जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव के नेतृत्व में धुरकी थाना पुलिस के सहयोग से की गई. जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अनधिकृत भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है. छापेमारी के बाद अब बालू का अवैध भंडारण करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है.
पहचान के बाद की जाएगी प्राथमिकी दर्ज
प्रशासन के मुताबिक, पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध उत्खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. प्राकृतिक संसाधनों और सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट-धर्मेन्द्र कुमार