Jharkhand

गढ़वा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा शहर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रामासाहू विद्यालय मैदान में एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतक की पहचान शहर के टंडवा मोहल्ला निवासी दिव्यांशु गुप्ता उर्फ शुभम गुप्ता के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने सुबह मैदान में शव लटका देखा, जिसके बाद यह खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई. घटना स्थल शहर के व्यस्त इलाके शिवाजी मैदान के समीप होने के कारण मौके पर काफी संख्या में लोग पहुंच गए.

मृतक के भाई ने बताया कि रात में उसके भाई के एक दोस्त का फोन आया था, जिसमें कहा गया कि शुभम फांसी लगाने की बात कर रहा है. इसके बाद परिवार के लोग उसे तलाशने के लिए शहर के कई इलाकों में खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. सुबह सूचना मिली कि रामासाहू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में शुभम का शव फंदे से लटका हुआ है.

परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार किया है. मृतक के भाई का आरोप है कि तीन दिन पहले एक लड़की को लेकर शुभम और उसके कुछ दोस्तों के बीच विवाद हुआ था. उनका कहना है कि शुभम की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है.

रिपोर्ट-धर्मेन्द्र कुमार