Jharkhand

नंबर प्लेट बदली, राज्य बदला और फिर ज्वेलर्स शॉप में लूट, गढ़वा पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गढ़वा(GARHWA): जिले के रंका और हरिहरपुर इलाके से बाइक लूट के बाद उसे मध्य प्रदेश पहुंचाकर ज्वेलर्स लूटकांड में इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने लूटी गई बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी. इसी बाइक का इस्तेमाल मध्य प्रदेश के विंध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन ज्वेलर्स में लूट की वारदात को अंजाम देने में किया गया. इस मामले में पुलिस ने पतिहारी निवासी शमशाद अंसारी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लूट में मिले हिस्से का सोना, 4,400 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.

पुलिस पूछताछ में शमशाद ने कई अहम जानकारी दी है. आरोपी के अनुसार, गढ़वा से लूटी गई अपाची बाइक को पहले अनपरा में राहुल स्वीपर के घर रखा गया था. इसके बाद बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट हटा दी गई और उसे मध्य प्रदेश ले जाया गया. पुलिस जांच में सामने आया है कि 12 सितंबर को बाइक की नंबर प्लेट हटाई गई थी, जबकि 13 सितंबर को वारदात के बाद नंबर प्लेट दोबारा लगा दी गई. पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और मामले में रौशन की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बाइक लूट से लेकर मध्य प्रदेश में ज्वेलर्स लूटकांड तक कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आई हैं. इस मामले में पुलिस पहले ही सोनू उर्फ शाबिर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. वहीं शमशाद अंसारी के खिलाफ रंका, हरिहरपुर, अनपरा और विंध्यनगर थानों में कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है.

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार

TagsCRIME