गढ़वा (GARHWA): जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में बारात के दौरान युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा और एक खाली खोखा भी बरामद किया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने को लेकर शुरू हुआ विवाद ही गोलीकांड की वजह बना.
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि 27 मई 2026 को गढ़वा जिले के कुशमाही गांव से एक बारात नवाडीह पहुंची थी. बारात के दौरान जंगीपुर स्थित विनोद साव की दुकान के समीप गोविंद उरांव को गोली मार दी गई थी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जांच के क्रम में गुर्दी गांव निवासी 26 वर्षीय सकेन्द्र उरांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा और एक खाली खोखा बरामद किया. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी साली की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी. इस बात का गोविंद उरांव ने विरोध किया था और उसे ऐसा करने से मना किया था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव चल रहा था. पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के कारण आरोपी ने बारात में मौके का फायदा उठाकर गोविंद उरांव को गोली मार दी.
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है. उसकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार
