Jharkhand

गढ़वा से लूटी बाइक और मध्य प्रदेश में ज्वेलर्स शॉप में की डकैती,पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट गिरोह का किया खुलासा

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

गढ़वा: गढ़वा से बाइक लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश एमपी में एक आभूषण दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिया. और यूपी की ओर भाग निकले. लेकिन गढ़वा पुलिस ने इनका पीछा नहीं छोड़ा और अपराधियों तक पहुँच गई. जिसके बाद आरोपी को दबोच कर गढ़वा लेकर पहुंची. जिसमें लूट कांड का खुलासा किया है. श्रीबंशीधर नगर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी है.   

उन्होंने बताया कि गढ़वा के के रंका और हरिहरपुर ओपी  क्षेत्र में बाइक लूट की वारदात को अपराधी ने अंजाम दिया था. घटना के बाद एक टीम गठित किया गया. जिसमें जांच की कड़ियां गढ़वा से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक पहुंचीं.और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.   जबकि दूसरा मुठभेड़ में घायल है और तीसरे की तलाश जारी है. आरोपियों के पास से 15.33 ग्राम सोना, 3,500 रुपये नकद और RONIN बाइक बरामद की गई है.

विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. इसी दौरान पुलिस को पता चला कि बाइक लूटने वाला गिरोह सिर्फ गढ़वा तक सीमित नहीं है. पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने गढ़वा-मझिआंव मोड़ और कांडी होते हुए हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में बाइक लूटी. इसके बाद अपराधी अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए.

इसी दौरान लूटी गई अपाचे बाइक मध्य प्रदेश तक पहुंची, जहां 18 सितंबर को विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र के कंचन ज्वेलर्स में डकैती हुई. डकैती के बाद भाग रहे अपराधियों का उत्तर प्रदेश के अनपारा थाना क्षेत्र में पुलिस से सामना हुआ. मुठभेड़ में रौशन कुमार घायल हो गया. उसे रॉबर्ट्सगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था. गढ़वा पुलिस वहां पहुंची और पूछताछ की, तो बाइक लूट से लेकर ज्वेलरी डकैती तक का पूरा कनेक्शन सामने आने लगा.

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी रौशन कुमार ने रंका और हरिहरपुर में बाइक लूट में अपनी संलिप्तता बताई और अपने साथियों सोनू उर्फ शाबीर अंसारी और शमशाद अंसारी के नाम बताए. इसके बाद पुलिस ने 19 सितंबर को सोनू उर्फ शाबीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. सोनू की निशानदेही पर शमशाद अंसारी के ससुराल नयाखांड़ जाने वाले रास्ते से RONIN मोटरसाइकिल, 15.33 ग्राम सोना और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए.

पुलिस का दावा है कि सोनू ने बाइक लूट और मध्य प्रदेश की कंचन ज्वेलर्स डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पूछताछ में पुलिस को एक और बड़ी जानकारी मिली. आरोपियों की कथित योजना रमना के एक सोना व्यवसायी, गढ़वा के नवल अलंकार ज्वेलर्स और डालटनगंज के बैंक ऑफ महाराष्ट्र को निशाना बनाने की थी. पुलिस की सतर्कता के कारण इन जगहों पर वारदात नहीं हो सकी और आरोपियों ने दूसरे राज्यों में घटनाओं को अंजाम दिया.

रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार