गढ़वा(GARHWA): गढ़वा बस डिपो से दूसरे राज्यों की बसों के परिचालन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. बस एसोसिएशन का आरोप है कि यहां से दर्जनों बसें बिना वैध परमिट और जरूरी कागजात के चल रही हैं. इससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है. एसोसिएशन ने परिवहन विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर बस संचालकों से अवैध वसूली कराने का भी आरोप लगाया है. हालांकि, बस संचालकों ने इन आरोपों को गलत बताया है.
दूसरे राज्यों की बसों का बढ़ता परिचालन
गढ़वा की सीमा उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से लगती है. जिले से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी गुजरते हैं. ऐसे में यहां से हर दिन बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों के लिए बसें खुलती हैं. बस एसोसिएशन के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की करीब 60, उत्तर प्रदेश की 10 और बिहार की आठ बसें यहां से चल रही हैं. इसके अलावा दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और जबलपुर के लिए भी बसों का परिचालन हो रहा है. एसोसिएशन का आरोप है कि इनमें कई बसों के पास वैध परमिट और जरूरी दस्तावेज नहीं हैं. कुछ बसों के ट्रैक्टर और स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर पर चलने का भी दावा किया गया है.
अवैध वसूली से लेकर मिलीभगत तक के आरोप
बस एसोसिएशन का कहना है कि बाहरी बसें अब गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचकर यात्रियों को उठा रही हैं. इससे स्थानीय बस संचालकों को नुकसान हो रहा है. एक बस एजेंट ने करीब 50 बसों के अवैध रूप से चलने और उनसे वसूली किए जाने का आरोप लगाया है. इस मामले में कुछ एजेंटों के नाम भी सामने आए हैं. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
दूसरी ओर, रॉयल बस के एजेंट और संचालक ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि उनकी बसें वैध तरीके से चल रही हैं और विभाग को जरूरी दस्तावेज दे दिए जाएंगे. वहीं, जिला परिवहन पदाधिकारी गोपी उरांव ने बताया कि बसों के अवैध परिचालन की शिकायत मिली है. विभाग इसकी जांच कर रहा है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार