☰
Jharkhand

गढ़वा की जनसमस्याओं को लेकर हाईकोर्ट में PIL दायर, ग्रामीणों को न्याय मिलने की उम्मीद

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

गढ़वा(GARHWA): जिले की बुनियादी समस्याओं को लेकर अब मामला न्यायिक स्तर तक पहुंच गया है. जिले के निवासी रंजन कुमार ने ग्रामीण इलाकों में पेयजल, सड़क और अतिक्रमण जैसी समस्याओं को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर की है. याचिका के जरिए उन्होंने इन समस्याओं के समाधान और संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है.

अधिकारियों से शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

रंजन कुमार का आरोप है कि गढ़वा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं. इन समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों और विभागों को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि शिकायत करने पर ग्रामीणों को आश्वासन तो मिलता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में बदलाव नहीं आता.

खराब चापाकल और जलमीनार से पेयजल संकट

जनहित याचिका में सरकारी चापाकलों और जलमीनारों की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया है. आरोप है कि कई ग्रामीण इलाकों में पेयजल की सरकारी सुविधाएं ठीक से काम नहीं कर रही हैं. इसके अलावा सड़क और रास्तों की बदहाली के साथ अतिक्रमण की समस्या भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है.

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल

रंजन कुमार ने याचिका के माध्यम से जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि जब बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, तो अदालत के जरिए संबंधित विभागों को जवाबदेह बनाने की जरूरत है. अब इस जनहित याचिका पर हाईकोर्ट में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर रहेगी.