☰
Jharkhand

गढ़वा में किसानों पर दोहरी मार: खेतों में सड़ रही धान की फसल, कर्ज में डूबे अन्नदाता

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): जिले में लगातार बारिश और अतिवृष्टि ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. खेतों में जलजमाव के कारण धान की फसल खराब होने लगी है. कहीं धान की बालियां सड़ रही हैं, तो कहीं फूल झड़ने से पैदावार प्रभावित होने की आशंका है. पहले भदई की फसल बर्बाद होने के बाद अब धान की खेती पर भी संकट गहरा गया है. कर्ज लेकर खेती करने वाले किसान अपनी लागत निकालने और परिवार का भरण-पोषण करने को लेकर चिंतित हैं. भाजपा किसान मोर्चा ने सरकार और जिला प्रशासन से फसल क्षति का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड से सामने आई तस्वीरें किसानों की परेशानी बयां कर रही हैं. लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे धान की फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है. खेतों में खड़ी धान की बालियां सड़ने लगी हैं. भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इससे पहले अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण किसानों की भदई फसल पूरी तरह नष्ट हो गई थी. धान की खेती के लिए तैयार किए गए बिचड़े भी खेतों में ही खराब हो गए थे.

इसके बावजूद किसानों ने हार नहीं मानी और महंगे दामों पर बीज खरीदकर दोबारा धान की रोपाई की. शुरुआती दिनों में फसल की स्थिति बेहतर थी और किसानों को अच्छी पैदावार की उम्मीद थी. लेकिन धान में बालियां निकलने और फूल आने के समय लगातार बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. खेतों में पानी जमा रहने से धान के फूल झड़ गए, वहीं अब बालियां भी सड़ने लगी हैं. किसानों ने खेती के लिए कर्ज लिया था और महाजनों से भी पैसे जुटाए थे. उन्हें उम्मीद थी कि फसल बेचकर कर्ज चुकाने के साथ अगली रबी फसल की तैयारी करेंगे. लेकिन लगातार प्राकृतिक आपदाओं ने उनकी आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर दिया है.

रामलाला दुबे ने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन पर किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है. उन्होंने मांग की है कि पूरे गढ़वा जिले में फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए. इसके साथ ही किसानों को राहत पहुंचाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे. इस दौरान ‘किसान विरोधी सरकार कुर्सी छोड़ो’ का नारा बुलंद किया जाएगा.

रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार