सरायकेला(CHANDAL): जिले के सालगाडीह गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई है. मृतक की पहचान गांव निवासी छूटू लोहार के रूप में हुई है. परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध महुआ शराब के कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने विवाद के दौरान उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके कारण उसकी जान चली गई.
सोमवार शाम छूटू लोहार रोज की तरह महुआ शराब पीने के लिए भादुडीह गांव स्थित एक व्यक्ति के घर पहुंचा था. बताया जाता है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक रूप ले बैठा.
ग्रामीणों का आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने पहले युवक पर गर्म पानी फेंका और उसके बाद पत्थर तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले में छूटू लोहार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले को हत्या के रूप में दर्ज नहीं किया है. थाना प्रभारी का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. शुरुआती जांच में मामला शराब के नशे में हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा लग रहा है. वहीं ग्रामीण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
रिपोर्ट- बीरेंद्र मंडल
