टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) की तैयारी तेज हो गई है. राज्यभर में बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्र कर रहे हैं और रिकॉर्ड का प्रारंभिक सत्यापन कर रहे हैं. माना जा रहा है कि 30 जून के बाद SIR अभियान औपचारिक रूप से शुरू किया जा सकता है. ऐसे में मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें. निर्वाचन आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है, ताकि केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम ही सूची में शामिल रहें.
क्या है SIR?
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जाने वाला विशेष सत्यापन अभियान है. इसके तहत मतदाता सूची का व्यापक पुनरीक्षण किया जाता है. BLO घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करते हैं और जरूरत पड़ने पर पहचान, आयु, निवास और नागरिकता से संबंधित दस्तावेज मांग सकते हैं.
ये 11 दस्तावेज हो सकते हैं जरूरी
- सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी पहचान पत्र
- 1 जुलाई 1987 से पहले के सरकारी, बैंक, डाकघर या LIC के दस्तावेज
- जन्म प्रमाण पत्र
- वैध भारतीय पासपोर्ट
- मैट्रिक, इंटरमीडिएट या अन्य शैक्षणिक प्रमाण पत्र
- स्थायी निवास प्रमाण पत्र
- वन अधिकार अधिनियम के तहत जारी प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र
- राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) या पारिवारिक रजिस्टर
- भूमि या मकान आवंटन प्रमाण पत्र
- पूर्व में सत्यापित मतदाता सूची का अंश
जन्मतिथि के आधार पर अलग नियम
1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे मतदाता
इन मतदाताओं को केवल अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे.
1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे मतदाता
इनको अपने दस्तावेजों के साथ माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज भी देना पड़ सकता है.
2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे मतदाता
ऐसे मामलों में आवश्यकता पड़ने पर दोनों माता-पिता से संबंधित दस्तावेज मांगे जा सकते हैं.
मतदाता क्या रखें ध्यान?
- BLO सत्यापन के लिए घर आ सकते हैं.
- सभी जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी पहले से तैयार रखें.
- मूल दस्तावेज सुरक्षित रखें.
- SIR प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है.
- यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो इसकी शिकायत तुरंत चुनाव अधिकारियों से करें.
- निर्वाचन आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें.
मतदाता सूची में नाम होना लोकतंत्र में आपकी भागीदारी का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है. इसलिए सत्यापन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज व्यवस्थित कर लें और BLO को सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि भविष्य में मतदान अधिकार को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
