मोतिहारी(MOTIHARI): जिले के कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की एक पहल चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां थानाध्यक्ष अमन कुमार ने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए न सिर्फ उनके अभिभावकों को जागरूक किया, बल्कि खुद पुलिस वाहन से बच्चों को स्कूल पहुंचाया. पुलिस की इस पहल को शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
अभिभावकों से बातचीत कर समझाया शिक्षा का महत्व
थाना क्षेत्र के तेल्हारा धांगर टोला गांव में सरकारी स्कूलों में बच्चों की घटती उपस्थिति को लेकर थानाध्यक्ष अमन कुमार ने पहल की. उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से मुलाकात कर उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की. करीब 40 बच्चों के अभिभावकों से बातचीत कर उन्हें शिक्षा के महत्व और बच्चों के बेहतर भविष्य के बारे में समझाया गया.
इस पहल का असर दूसरे टोले में भी देखने को मिला. पुलिस की सलाह से प्रेरित होकर वहां के बच्चे भी स्कूल जाने के लिए तैयार हुए. इसके बाद करीब 30 और बच्चों को भी विद्यालय भेजने की पहल की गई. इस तरह कुल करीब 70 बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में प्रयास किया गया.
अवैध शराब के कारोबार से दूर रहने की अपील
थानाध्यक्ष ने उन परिवारों को भी समझाया, जिनके सदस्य देसी चुलाई शराब की बिक्री से जुड़े हैं. उन्होंने लोगों से इस अवैध कारोबार से दूर रहने और बच्चों की पढ़ाई तथा उनके भविष्य पर ध्यान देने की अपील की. साथ ही बच्चों को पढ़ाई-लिखाई की सामग्री उपलब्ध कराने की बात भी कही.
पुलिस और स्कूल प्रशासन के बीच बातचीत
इस पहल के दौरान पुलिस और विद्यालय के प्रधानाध्यापक के बीच भी बातचीत हुई. इसका उद्देश्य बच्चों की शिक्षा को लेकर आपसी समन्वय बढ़ाना और उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करना है. अब देखना होगा कि इस प्रयास से विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कितनी बढ़ती है. फिलहाल, पुलिस की यह पहल शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने की एक सकारात्मक कोशिश के रूप में देखी जा रही है.