Jharkhand

पेट्रोल पंप हादसे में घायल युवक की मौत, विधायक की पहल पर परिजनों को मिला 10 लाख का मुआवजा

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

पूर्वी सिंहभूम: बहरागोड़ा प्रखंड के बहुलिया पंचायत अंतर्गत सालझाटिया गांव निवासी 26 वर्षीय तुषार खमराई की जमशेदपुर में इलाज के दौरान शनिवार सुबह मौत हो गई. तुषार जमशेदपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करते थे. चार दिन पूर्व काम करने के दौरान पेट्रोल पंप में गैस पाइप फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

तुषार के निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. बताया गया कि मृतक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से थे. परिजनों ने मामले की जानकारी बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती को दी. विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पेट्रोल पंप मालिक उमेश जैन से बातचीत कर मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने के लिए पहल की.

विधायक की पहल के बाद मृतक के परिजनों को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया. इसमें तत्काल एक लाख रुपये नकद प्रदान किए गए, जबकि शेष नौ लाख रुपये का चेक परिजनों को सौंपा गया. मुआवजा मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को कुछ राहत मिली.

शनिवार शाम तुषार का शव सालझाटिया गांव स्थित उनके घर लाया गया. शव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुट गए. पूरे गांव में शोक का माहौल रहा और परिजनों के साथ ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं.

इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया गया. इस दौरान विधायक समीर मोहंती भी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ श्मशान घाट पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

रिपोर्ट: अरुण बारीक