पश्चिमी सिंहभूम: जगन्नाथपुर से कांग्रेस विधायक और सत्तारूढ़ दल के उपमुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु को पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है. सोनाराम सिंकु को जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पश्चिमी सिंहभूम और जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है.
पार्टी की ओर से मिली नई जिम्मेदारी पर सोनाराम सिंकु ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में काम करने वाले व्यक्ति पर लगातार भरोसा जताया है. पहले उन्हें विधायक की जिम्मेदारी मिली और इसके बाद राज्य सरकार में सत्तारूढ़ दल के उपमुख्य सचेतक का दायित्व सौंपा गया. अब पार्टी ने पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की कमान देकर एक बार फिर उन पर विश्वास जताया है.
सोनाराम सिंकु ने इस जिम्मेदारी के लिए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.
उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया जाएगा. उनका लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और पार्टी के कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका के लिए तैयार करना है. उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत होगा, कोल्हान क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति उतनी ही बेहतर होगी.
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया. उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की रीढ़ उसके कार्यकर्ता होते हैं. कार्यकर्ताओं के सहयोग, स्नेह और मेहनत से ही संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है. उन्होंने भरोसा जताया कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पश्चिमी सिंहभूम में कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जाएगा.
सोनाराम सिंकु की नियुक्ति की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.
रिपोर्ट:संतोष वर्मा
