Jharkhand

पूर्वी सिंहभूम: स्वर्णरेखा नदी में युवक के कूदने की आशंका से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

पूर्वी सिंहभूम (EAST SINGHBHUM): पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा से सटे ओडिशा के जामसोला इलाके में रविवार सुबह स्वर्णरेखा नदी पर बने पुल के बीचों-बीच एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली. काफी देर तक बाइक का कोई मालिक नजर नहीं आने पर लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद मामले की सूचना बहरागोड़ा पुलिस और ओडिशा पुलिस को दी गई.

जानकारी मिलने के बाद दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस को आशंका है कि मोटरसाइकिल खड़ी करने के बाद कोई व्यक्ति पुल से नदी में गिरा या कूदा हो सकता है. फिलहाल पुलिस नदी में उसकी तलाश कर रही है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह एक व्यक्ति के पुल से स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है. घटना के समय आसपास कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था. यही वजह है कि व्यक्ति के नदी में जाने की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी. पुल पर मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिलने के बाद लोगों का ध्यान इस ओर गया.

पुलिस और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध टीम नदी के आसपास संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है. बताया जा रहा है कि इस समय स्वर्णरेखा नदी में पानी काफी अधिक है और कई हिस्सों में नदी की गहराई भी ज्यादा है. ऐसे में लापता व्यक्ति की तलाश करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.

जांच के दौरान मोटरसाइकिल के आधार पर व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आशंका है कि बाइक सवार व्यक्ति ओडिशा के चाडुआ इलाके का रहने वाला हो सकता है. स्थानीय स्तर पर उसका नाम रासबिहारी साहू बताए जाने की चर्चा है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पुल के आसपास पहुंच गए. लोगों की भीड़ के कारण मौके पर हलचल बढ़ गई. पुलिस ने लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की है और तलाशी अभियान जारी रखा है. पुलिस का कहना है कि तलाशी पूरी होने और जरूरी जानकारी मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

रिपोर्ट: अरुण बारीक