पूर्वी सिंहभूम: जिले के बड़शोल थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने परिचित युवक पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. महिला ने मामले को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
महिला के मुताबिक, उसका पति रोजगार के सिलसिले में झारखंड से बाहर रहते हैं. वह अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए बहरागोड़ा इलाके में किराये के मकान में रह रही थी. घर में किसी पुरुष सदस्य के नहीं रहने के कारण गांव के परिचित फकीरचंद मुर्मू से वह जरूरत के समय मदद लेती थी. महिला का कहना है कि आरोपी उसे भाभी कहकर संबोधित करता था और इसी पारिवारिक रिश्ते की आड़ में उसके घर पर भी आने-जाने लगा.
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान आरोपी ने उसकी इच्छा के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी. महिला का कहना है कि डर और सामाजिक दबाव के कारण उसने तत्काल पुलिस से शिकायत नहीं की.
महिला ने बताया कि 10 जून 2026 को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर उसने डॉक्टर से जांच कराई. जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई. महिला ने आरोप लगाया कि उसके गर्भ में पल रहा बच्चा आरोपी का है. उसने पुलिस को शिकायत के साथ चिकित्सकीय दस्तावेज भी उपलब्ध कराने की बात कही है.
शिकायत के अनुसार, बाद में महिला ने आरोपी से बच्चे की जिम्मेदारी और उसके भविष्य को लेकर बात की. इसके बाद कथित तौर पर उसे घाटशिला बुलाया गया. महिला का आरोप है कि वहां भी उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की गई. विरोध करने और शोर मचाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
इसके बाद महिला ने स्थानीय लोगों की मदद ली और रात में सुरक्षित स्थान पर रुकने के बाद थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.
शिकायत मिलने के बाद बड़शोल थाना पुलिस ने बेनासोली निवासी फकीर चंद्र मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने केस नंबर 22/2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: अरुण बारीक
