टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में पिछले दो-तीन दिनों से मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है, जहां राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम का मिजाज बदल चुका है और बारिश हो रही है.कई जिलों में गुरुवार की देर रात से शुरू हुई बारिश सुबह तक जारी है. वहीं, शुक्रवार के मौसम की बात की जाए तो आज भी झारखंड के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 6 में ऑरेंज तो 5 में येलो अलर्ट है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है, तो वहीं वज्रपात से भी लोगों को सावधान रहने को कहा गया है.
आंधी तूफ़ान और वज्रपात का भी अलर्ट
आज झारखंड के जिन जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उन जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में ऑरेंज अलर्ट बताया गया है. इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. वहीं, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और बोकारो में येलो अलर्ट है. यहां भी गरज-चमक, तेज हवा, भारी बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले तीन दिनों तक झारखंड में बारिश का दौर नहीं थमने वाला है. लगातार बारिश की संभावना है. इस दौरान खास तौर पर मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और वज्रपात से सावधान रहने की हिदायत दी है.
14 से 20 अगस्त तक लगातार होगी बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि 14 से 20 अगस्त तक झारखंड में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान कहीं हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश का दौर देखा जाएगा. वहीं, आंधी-तूफान और वज्रपात की भी संभावना है, जिससे लोगों को सावधान रहना चाहिए. मौसम विभाग ने खास तौर पर खेत में काम करने वाले किसानों को खराब मौसम के दौरान बाहर न जाने को कहा है, तो वहीं लोगों को खुले मैदान, खेत और पेड़ के नीचे खराब मौसम के समय न छिपने की सलाह दी गई है, क्योंकि इन जगहों पर वज्रपात का सबसे अधिक खतरा होता है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
