दुमका: सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है. इस दौरान दुमका में चारों ओर भक्तिमय माहौल बना हुआ है. रविवार को शहर की सड़कों पर नन्हे शिवभक्तों की कांवर यात्रा ने इस माहौल को और भक्तिमय बना दिया.
कांवर लेकर निकले नन्हे शिवभक्त
मारवाड़ी युवा मंच की प्रेरणा शाखा की ओर से विगत 5 वर्षों से सावन में बाल कांवर यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. रविवार को बड़ी संख्या में नन्हे शिवभक्त कांधे पर कांवर लेकर छोटी ठाकुरवाड़ी से कांवर यात्रा पर निकले. बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों के बीच बच्चे नंगे पांव श्याम मंदिर पहुंचे. कांवर लिए बच्चों की टोली और उनके उत्साह को देखने के लिए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.
श्रद्धा के साथ संस्कृति से जुड़ाव
प्रेरणा शाखा की संरक्षिका रिंकू मोदी ने बताया कि बाल कांवर यात्रा का उद्देश्य बच्चों को अपनी सभ्यता, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है. यात्रा में शामिल होने को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहता है और वे पूरे साल इसका इंतजार करते हैं.
देवघर-बासुकीनाथ नहीं जा पाने वाले बच्चों के लिए अवसर
उन्होंने कहा कि सभी नन्हे शिवभक्त देवघर या बासुकीनाथ की कांवर यात्रा में शामिल नहीं हो पाते हैं. ऐसे में शहर में आयोजित बाल कांवर यात्रा उन्हें शिवभक्ति के साथ कांवर यात्रा का अनुभव करने का अवसर देती है. बच्चों की भागीदारी से यात्रा में श्रद्धा के साथ उत्साह और उल्लास का भी रंग देखने को मिला.
रिपोर्ट: पंचम झा
