दुमका(DUMKA) : चंद दिनों बाद शारदीय नवरात्र की शुरूआत होगी. अभी से ही मां दुर्गा के स्वागत में दुमका शहर में उत्सव का रंग दिखने लगा है. मारवाड़ी युवा मंच की प्रेरणा शाखा की ओर से आयोजित ‘गरबे की रात’ डांडिया कार्यक्रम में महिलाओं ने जमकर धमाल मचाया. पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं जब डांडिया की थाप पर थिरकीं तो पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर उठा.
डांडिया की थाप पर देर तक झूमती रहीं महिलाएं
सोमवार की शाम गोशाला प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया. संगीत की धुन और डांडिया की खनक के बीच महिलाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य का खूब आनंद लिया. उत्साह ऐसा रहा कि प्रतिभागियों के साथ कार्यक्रम देखने पहुंची महिलाएं भी खुद को थिरकने से रोक नहीं सकीं.
प्रतियोगिताओं ने बढ़ाई मस्ती और उत्सुकता
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसको लेकर प्रतियोगिताओं में खासा उत्साह दिखा.
लजीज व्यंजनों की खुशबू ने खींचा ध्यान
डांडिया के साथ लजीज व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे. विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का महिलाओं ने जमकर लुत्फ उठाया. डांडिया, संगीत, प्रतियोगिता और खान-पान ने मिलकर शाम को यादगार बना दिया.
मनोरंजन के साथ मेल मिलाप का भी मंच
कार्यक्रम की संरक्षिका रिंकू मोदी ने बताया कि समाज की महिलाओं के मनोरंजन और आपसी मेलbमिलाप को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को रोजमर्रा की व्यस्तता से अलग एक साथ आने और उत्सव का आनंद लेने का अवसर देते हैं.
प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास जारी रहेगा
प्रेरणा शाखा अध्यक्ष प्रियंका मावड़िया ने कहा कि प्रेरणा शाखा आगे भी ऐसे सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी. उन्होंने कहा कि उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और एक दूसरे के साथ जुड़ने का मंच उपलब्ध कराना भी है.