दुमका':गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली में राजनीतिक माहौल को अस्थिर करने के बाद आखिर राहुल गांधी विदेश में किससे मिलने जाते हैं, यह देश को बताना चाहिए. बुधवार को दुमका परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. दुबे ने उनकी विदेश यात्राओं के खर्च, कथित विदेशी संपर्कों और विपक्ष के आंदोलनों के पीछे की मंशा पर सवाल उठाए.
विदेश यात्राओं के खर्च का हिसाब मांगा
निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी की 270 विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए पूछा कि इन यात्राओं का खर्च कौन उठाता है. उन्होंने नेवेली राय सिंघम से जुड़े नेटवर्क और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्रिप्टोकरेंसी तथा ऑनलाइन गैंबलिंग से जुड़े समूहों के साथ राहुल गांधी के संबंधों को लेकर भी सवाल किए. सांसद ने आरोप लगाया कि इन समूहों के माध्यम से विपक्ष के कुछ नेताओं को आर्थिक मदद दी जा रही है.
संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विपक्ष के रवैये पर सवाल
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट, संसद और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के प्रति असम्मानजनक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी सरकार या राजनीतिक दल को हटाने का रास्ता चुनाव है. भाजपा जनता के बीच जाकर विपक्ष के आरोपों और उसकी राजनीति का जवाब देगी। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप भी लगाया.
एसआईआर के विरोध को लेकर विपक्ष पर निशाना
निशिकांत दुबे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला.उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अलग अलग मुद्दों के जरिए सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से अवैध घुसपैठियों के नाम हटने की आशंका विपक्ष की चिंता का एक कारण है.
संथाल परगना की जनसांख्यिकी में बदलाव का मुद्दा उठाया
सांसद ने संथाल परगना में आदिवासी और मुस्लिम आबादी के अनुपात का जिक्र करते हुए जनसांख्यिकीय बदलाव पर चिंता जताई. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 1951 में क्षेत्र की आदिवासी आबादी लगभग 45 प्रतिशत थी, जो 2011 की जनगणना में घटकर करीब 26-27 प्रतिशत रह गई. उन्होंने मुस्लिम आबादी में वृद्धि का दावा करते हुए इसे बांग्लादेशी घुसपैठ से जोड़ा.
चुनाव में जनता के बीच जाने का दावा
निशिकांत दुबे ने कहा कि भाजपा चुनाव के जरिए जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी और विपक्ष की राजनीति का जवाब देगी. उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, नीट और एसआईआर जैसे मुद्दों पर विपक्ष के आंदोलनों की आलोचना की। सांसद ने दावा किया कि चुनाव में जनता विपक्ष की रणनीति का जवाब देगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए राजनीतिक फैसला करेगी.
रिपोर्ट पंचम झा
