☰
Jharkhand

मां पर उठे हाथ तो पिता ने उठा ली कुदाल, पलभर में उजड़ गया परिवार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

दुमका (DUMKA): कभी जिस आंगन में बेटे की किलकारियां गूंजती थीं, गुरुवार को उसी घर में उसकी मौत से मातम पसर गया. खाना खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलठा गांव में 25 वर्षीय महेश मांझी की उसके ही पिता ने कुदाल से वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. जिस घर में कुछ देर पहले तक रोजमर्रा की जिंदगी चल रही थी, वहां अब एक बेटे की मौत और परिवार के बिखरने की दर्दनाक कहानी रह गई है.

मां को पीटने लगा बेटा, पिता से नहीं हुआ बर्दास्त

मृतक की मां फूलो देवी के अनुसार घर में खाना खाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था. उन्होंने बेटे महेश को खाने के लिए भोजन निकालकर दिया, लेकिन उसने खाना फेंक दिया. इसी बात को लेकर वह गुस्से में आ गया और मां के साथ मारपीट करने लगा. बेटे को अपनी मां पर हाथ उठाते देख पिता गोवर्धन मांझी का गुस्सा भड़क उठा. आरोप है कि उन्होंने आवेश में आकर घर में रखी कुदाल उठा ली और महेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया. वार इतना गंभीर था कि महेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. एक पल के गुस्से ने परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया.

जिस घर में बेटे की जिंदगी थी, वहीं बिछ गई लाश

घटना की खबर फैलते ही सिलठा गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. घर के भीतर हुए इस खूनी घटनाक्रम ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया. जिस बेटे के भविष्य को लेकर माता पिता ने कभी सपने देखे होंगे, उसी बेटे की मौत का कारण घर का आपसी विवाद बन गया. घटना ने पूरे परिवार को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया, जहां रिश्तों की जगह मातम और सवालों ने ले ली है.

पुलिस ने माता पिता को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया. पुलिस ने मृतक के पिता गोवर्धन मांझी और मां फूलो देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

तीन भाइयों में सबसे छोटा था महेश

बताया जाता है कि महेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी उम्र महज 25 वर्ष थी. जिस उम्र में जिंदगी को संवारने और भविष्य के सपने पूरे करने का वक्त होता है, उस उम्र में उसकी जिंदगी का अंत हो गया. घर के भीतर हुए इस खूनी विवाद ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं.

रिपोर्ट: पंचम झा