☰
Jharkhand

पटरी पर ट्रॉली, सामने से ट्रेन! हादसे का शिकार होते-होते बची गोड्डा-भागलपुर पैसेंजर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

दुमका (DUMKA): जिले के हंसडीहा भागलपुर रेलखंड पर बुधवार को एक बड़ी रेल दुर्घटना होते होते टल गई. गोड्डा जिला के डांड़े हॉल्ट और पांडे टोला हॉल्ट के बीच रेल पटरी पर रखी जनरेटर ट्रॉली से गोड्डा-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन टकरा गई. अचानक हुई इस टक्कर से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा तफरी मच गई. गनीमत रही कि घटना में किसी बड़े हादसे की सूचना सामने नहीं आई. हालांकि, इस घटना ने रेल परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

आखिर पटरी पर कैसे पहुंची जनरेटर ट्रॉली?
जानकारी के अनुसार  रेल पटरी पर जनरेटर ट्रॉली रखी हुई थी. इसी दौरान गोड्डा से भागलपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन ट्रॉली से टकरा गई. सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेल पटरी पर जनरेटर ट्रॉली किसने और किन परिस्थितियों में रखी थी? क्या ट्रॉली को पटरी से हटाने की जिम्मेदारी निभाई नहीं गई या फिर रेल परिचालन से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी हुई? घटना प्रथम दृष्टया रेलकर्मियों की लापरवाही की ओर इशारा कर रही है.

अचानक टक्कर से यात्रियों में दहशत, टला बड़ा हादसा
ट्रेन के ट्रॉली से टकराते ही यात्रियों में अफरा तफरी मच गई. अचानक हुए झटके और टक्कर से लोग सहम गए. हालांकि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने और ट्रेन को हुए नुकसान के संबंध में फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. राहत की बात यह रही कि घटना किसी बड़े रेल हादसे में तब्दील नहीं हुई.

रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, जिम्मेदारी तय होना जरूरी
रेलवे ट्रैक पर किसी उपकरण या ट्रॉली का इस तरह पड़ा रहना सामान्य चूक नहीं माना जा सकता. यदि समय रहते ट्रेन चालक की नजर उस पर नहीं पड़ती या टक्कर का असर अधिक गंभीर होता, तो यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी. ऐसे में रेलवे को घटना की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि जनरेटर ट्रॉली पटरी पर कैसे पहुंची और उसे हटाने में चूक किस स्तर पर हुई. यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में केवल जांच की औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए.

रिपोर्ट: पंचम झा