☰
Jharkhand

खेल का मैदान है, पर खेलने की मनाही! सड़क और शिवगंगा के बीच 72 बच्चों की सुरक्षा दांव पर

Pancham Jha Dumka
Pancham Jha Dumka
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

दुमका: विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. खेल के मैदान इसलिए बनाए जाते हैं, ताकि बच्चे पढ़ाई के बोझ से निकलकर खेलें, कूदें और अपनी प्रतिभा निखारें. सरकार भी विद्यालयों में खेलकूद को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चला रही है. लेकिन दुमका के एक विद्यालय की तस्वीर इससे बिल्कुल उलट है. यहां खेल का मैदान तो है, लेकिन बच्चों के खेलने पर पाबंदी है. वजह खेल के प्रति उदासीनता नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चिंता है. विडंबना यह है कि जिस मैदान में बच्चों की किलकारियां गूंजनी चाहिए, वहां अनहोनी की आशंका ने खामोशी पसार रखी है.

मैदान के एक ओर सड़क, दूसरी ओर मौत का खतरा!

यह मामला जरमुंडी प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पाटवे का है. विद्यालय में कुल 72 बच्चे नामांकित हैं. बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षक हैं, सिर छिपाने के लिए भवन है और खेलने के लिए मैदान भी है. लेकिन विद्यालय परिसर की चहारदीवारी नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा अधर में है. विद्यालय के ठीक सामने सड़क है, जबकि बगल में पानी से भरी शिवगंगा. ऐसे में बच्चों के लिए मैदान में खेलना भी जोखिम से खाली नहीं है. एक ओर तेज रफ्तार वाहनों का खतरा है, तो दूसरी ओर पानी से भरी शिवगंगा में गिरने की आशंका.

शिवगंगा के जीर्णोद्धार के बाद बढ़ी चिंता

दरअसल विद्यालय के बगल में शिवालय स्थित है. धार्मिक मान्यता के अनुसार शिवालय के समीप शिवगंगा का विशेष महत्व है. हाल ही में मंदिर कमेटी की ओर से शिवगंगा का जीर्णोद्धार कराया गया है और उसमें पानी भरा हुआ है. खेल का मैदान शिवगंगा से सटा हुआ है. विद्यालय परिसर खुला होने के कारण बच्चों के खेलते समय अनजाने में शिवगंगा की ओर चले जाने का खतरा बना रहता है. ऐसे में बच्चों को खुला छोड़ना शिक्षकों के लिए भी चिंता का विषय है.

बच्चों की सुरक्षा के लिए खेल पर ही लगा दिया पहरा

बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मंजन प्रसाद राव ने मैदान में खेलने पर रोक लगा दी है. उनका कहना है कि विद्यालय के सामने सड़क और बगल में शिवगंगा होने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा आशंका बनी रहती है. उन्होंने बताया कि विद्यालय में चहारदीवारी निर्माण के लिए कई बार प्रयास किया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया. मजबूरी में बच्चों को खेलने से रोकना पड़ रहा है. जाहिर है प्रधानाध्यापक के सामने बच्चों की सुरक्षा और उनके खेलकूद के अधिकार के बीच एक कठिन परिस्थिति है.

62 विद्यालयों की घेराबंदी, फिर पाटवे पर प्रशासन की नजर क्यों नहीं?

गौरतलब है कि सड़क किनारे स्थित विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने हाल ही में गंभीर पहल की है. डीसी अभिजीत सिन्हा ने जिले के 62 विद्यालयों को चिह्नित कर उनकी तार से घेराबंदी कराने का आदेश दिया है. डीएमएफटी मद से होने वाले इस कार्य का उद्देश्य विद्यालयों की सीमा निर्धारित करने के साथ बच्चों को बाहरी खतरों से सुरक्षित रखना है. लेकिन सवाल यह है कि सड़क के साथ साथ पानी से भरी शिवगंगा के खतरे का सामना कर रहे उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पाटवे को इस सूची में जगह क्यों नहीं मिली? क्या विद्यालय की वास्तविक स्थिति का आकलन करते समय इस खतरे पर ध्यान नहीं दिया गया?

हादसे का इंतजार करेगा प्रशासन या पहले जागेगा?

पाटवे विद्यालय की स्थिति 'आगे कुआं, पीछे खाई' वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है. एक तरफ सड़क और दूसरी तरफ पानी से भरी शिवगंगा के बीच 72 बच्चों की सुरक्षा महज शिक्षकों की सतर्कता के भरोसे है. प्रधानाध्यापक बच्चों को खेलने से रोककर अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है. सवाल यह भी है कि आखिर कब तक बच्चों को सुरक्षा के नाम पर खेल के अधिकार से वंचित रखा जाएगा? यदि कोई अनहोनी होती है तो उसकी जवाबदेही किसकी होगी?

उम्मीद की जानी चाहिए कि जल्द होगा समाधान

जिला प्रशासन को चाहिए कि कागजी सूची से आगे बढ़कर विद्यालय की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करे और प्राथमिकता के आधार पर घेराबंदी की व्यवस्था सुनिश्चित करे. आखिर बच्चों के लिए विद्यालय सिर्फ पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि उनके बचपन, खेल और भविष्य को संवारने का स्थान भी है. सुरक्षा के अभाव में यदि मैदान ही बच्चों के लिए प्रतिबंधित हो जाए, तो सर्वांगीण विकास की बात बेमानी साबित होगी.

रिपोर्ट : पंचम झा