दुमका(DUMKA):दुमका बस पड़ाव से एक निजी बस के अचानक गायब होने की घटना ने शनिवार सुबह सनसनी फैला दी. सुबह जब पागल बाबा कंपनी के चालक और अन्य कर्मचारी बस स्टैंड पहुंचे तो निर्धारित स्थान पर बस नहीं मिली.बस की देखरेख करने वाला सह चालक भी गायब था, जिसके बाद कर्मियों ने बस चोरी की आशंका जताते हुए नगर थाना को सूचना दी.
पुलिस की जांच में सामने आया नया मोड़
कथित बस चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और विभिन्न स्थानों पर खोजबीन शुरू की गई. जांच के दौरान पता चला कि बस मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोदो खिच्चा गांव के समीप दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया.
दोस्ती निभाने के चक्कर में सहचालक ने उठाया बड़ा कदम
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार शुक्रवार शाम बस स्टैंड में बस खड़ी करने के बाद चालक और अन्य कर्मचारी अपने अपने घर चले गए थे.अन्य दिनों की तरह बस की जिम्मेदारी सह चालक को सौंपी गई थी. बताया जाता है कि देर रात सह चालक का एक मित्र उससे मिला, जिसे घर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल रहा था. मित्र की मदद करने के उद्देश्य से सह चालक बिना अनुमति बस लेकर निकल पड़ा.
मंजिल से पहले ही दुर्घटना का शिकार हुई बस
सूत्रों की मानें तो मित्र को घर पहुंचाने के दौरान रास्ते में ही बस दुर्घटना का शिकार हो गई. हादसे के बाद बस वहीं छूट गई.इधर, सुबह बस स्टैंड से बस के गायब मिलने पर कर्मियों को इसकी जानकारी नहीं थी, जिसके कारण पहले इसे चोरी की घटना माना गया.
सह चालक हिरासत में, जांच जारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सह चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस किस परिस्थिति में स्टैंड से निकाली गई और दुर्घटना कैसे हुई.फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं और जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है.
चोरी या फिर लापरवाही की कहानी !
प्रारंभिक जांच में यह मामला बस चोरी से अधिक लापरवाही और नियमों की अनदेखी का प्रतीत हो रहा है.हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी.
रिपोर्ट-पंचम झा
