☰
Jharkhand

गड्ढों से छलनी दुमका बाईपास पर प्रशासन की नजर, डीसी ने तत्काल मरम्मत का दिया आदेश

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

दुमका (DUMKA): दुमका बायपास रोड की दुर्दशा कुछ दिनों से चर्चा में है. The News Post सहित विभिन्न मीडिया में लगातार खबर दिखाए जाने के बाद अब प्रशासन की नजर में भी गंभीर मुद्दा बन गई है. आम लोगों की आवाजाही और लगातार हो रही दुर्घटना को देखते हुए डीसी अभिजीत सिन्हा ने सड़क की तत्काल मरम्मत शुरू कराने का निर्देश दिया है.

गड्ढों पर डीसी सख्त, तत्काल शुरू होगा पैचवर्क

डीसी ने राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, देवघर के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजकर दुमका बाईपास सड़क का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने और आवश्यकतानुसार अविलंब मरम्मत एवं पैचवर्क शुरू करने का निर्देश दिया है. सड़क की मौजूदा स्थिति का आकलन कर अनुरक्षण कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है.

सड़क की बदहाली बनी दुर्घटना का खतरा

दुमका बाईपास जिले के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है और इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही होती है. सड़क पर बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त सतह वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ा रहे हैं. खासकर तेज रफ्तार और रात के समय स्थिति और जोखिमपूर्ण हो सकती है.

जनसुरक्षा के मामले में लापरवाही नहीं चलेगी

उपायुक्त ने मामले को सीधे तौर पर जनसुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील विषय माना है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सड़क की मरम्मत में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. आम लोगों और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना संबंधित विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए.

अब देखना होगा आदेश जमीन पर कितनी जल्दी उतरता है

प्रशासन की ओर से तत्काल मरम्मत का निर्देश जारी होने के बाद अब निगाहें संबंधित विभाग की कार्रवाई पर हैं. सवाल यही है कि लंबे समय से परेशानी का कारण बने गड्ढों से लोगों को राहत कितनी जल्दी मिलती है और सड़क की मरम्मत कितनी प्रभावी तरीके से होती है.

रिपोर्ट: पंचम झा