दुमका (DUMKA): एक दौर था, जब संचार क्षेत्र में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) का दबदबा था. समय के साथ निजी क्षेत्र की कंपनियों के बढ़ते विस्तार और बेहतर ऑफर के कारण बीएसएनएल की बाजार हिस्सेदारी कम होती गई. अब बीएसएनएल नई तकनीक और आकर्षक योजनाओं के साथ एक बार फिर उपभोक्ताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटा है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कंपनी ने ग्राहकों के लिए कई विशेष घोषणाएं की हैं.
दुमका कार्यालय में आयोजित हुई प्रेसवार्ता
इसी कड़ी में शुक्रवार को दुमका स्थित बीएसएनएल कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई. इसमें उप महाप्रबंधक (परिचालन क्षेत्र दुमका) सुभाष चंद्र चातार, एजीएम मंडल अभियंता लखींद्र मुर्मू एवं सहायक मंडल अभियंता (मार्केटिंग) निर्भय कुमार चौधरी मौजूद रहे.
स्वदेशी तकनीक से 4G नेटवर्क का विस्तार
प्रेसवार्ता में अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीएसएनएल ने दूरसंचार क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है. धनबाद एवं दुमका क्षेत्र में उपलब्ध 3G बीटीएस उपकरणों को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड कर स्वदेशी तकनीक पर आधारित 4G उपकरणों में परिवर्तित किया गया है. इससे मोबाइल नेटवर्क की कवरेज क्षमता और सेवा गुणवत्ता में सुधार हुआ है तथा ग्राहकों को बेहतर 4G कनेक्टिविटी मिल रही है.
सुदूर गांवों तक पहुंचा स्वदेशी 4G नेटवर्क
अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल भारत निधि (डीबीएन) के माध्यम से सुदूरवर्ती गांवों तक स्वदेशी 4G नेटवर्क पहुंचाया जा रहा है. इससे ग्रामीण नागरिकों को डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन शिक्षा, ई-गवर्नेंस सहित विभिन्न डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने में सुविधा होगी.
₹1 के फर्स्ट रिचार्ज पर 24 दिनों का लाभ
उप महाप्रबंधक सुभाष चंद्र चातार ने बताया कि ग्राहकों को बीएसएनएल के विस्तारित 4G नेटवर्क से जोड़ने के लिए ₹1 का फर्स्ट रिचार्ज विशेष ऑफर पेश किया गया है. यह ऑफर 12 सितंबर 2026 तक वैध रहेगा. इसके तहत नए ग्राहकों को 24 दिनों की वैधता के साथ प्रतिदिन 1GB डेटा और अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा मिलेगी.
₹1111 के भारत फाइबर प्लान में 200 Mbps स्पीड
अधिकारियों ने बताया कि हाई स्पीड ब्रॉडबैंड की बढ़ती मांग को देखते हुए बीएसएनएल का ₹1111 प्रतिमाह वाला भारत फाइबर प्लान भी ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र है. इस प्लान में 200 Mbps हाई स्पीड इंटरनेट, 5000 GB डेटा और 27 ओटीटी प्लेटफॉर्म का एक्सेस उपलब्ध कराया जा रहा है.
दुर्गम क्षेत्रों के लिए सैटेलाइट फोन सेवा
बीएसएनएल की ओर से दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लिए सैटेलाइट फोन सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, इस सेवा से ऐसे क्षेत्रों में संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क की पहुंच सीमित है.
आत्मनिर्भर दूरसंचार की दिशा में कदम
बीएसएनएल द्वारा स्वदेशी 4G तकनीक के विस्तार और नई उपभोक्ता योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में अपनी सेवाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है. कंपनी को उम्मीद है कि बेहतर नेटवर्क और आकर्षक योजनाओं के जरिए वह एक बार फिर उपभोक्ताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर सकेगी.
रिपोर्ट : पंचम झा
