☰
Jharkhand

संत पीटर स्कूल में छात्राओं के कथित उत्पीड़न पर उबाल, वार्डन गिरफ्तार, शिक्षा विभाग ने की मामले की जांच

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

दुमका: दुमका जिला के रामगढ़ थाना के जोगिया स्थित संत पीटर स्कूल में छात्राओं के साथ कथित उत्पीड़न के मामले ने तूल पकड़ लिया है. पीड़िता के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए शनिवार को वार्डन को गिरफ्तार किया गया. आक्रोशित अभिभावकों ने विद्यालय परिसर से लेकर रामगढ़ थाना तक विरोध जताया. उन्होंने विद्यालय बंद करने, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग की. 

जांच में खुली विद्यालय की व्यवस्था की पोल

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर बीआरपी नजीसूल हक ने विद्यालय का निरीक्षण किया. जांच के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा आवश्यक दस्तावेज और रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया गया.  परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं मिले. भवन, छात्रावास और बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं पौष्टिकता को लेकर भी कई सवाल सामने आए. बीआरपी ने अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए विद्यालय में तालाबंदी की कार्रवाई की बात कही.

पीड़िता के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज, वार्डन गिरफ्तार, संचालक फरार

पीड़िता के पिता के आवेदन पर स्कूल के संचालक इमानुएल मुर्मू और वार्डन नीली टुडू के खिलाफ रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वार्डन को गिरफ्तार कर लिया, जिसे जेल भेजने की तैयारी चल रही है. वही संचालक फरार बताया जा रहा है.

₹10 हजार नामांकन शुल्क और ₹3500 मासिक फीस, फिर भी सुरक्षा नदारद

अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में नामांकन के नाम पर 10 हजार रुपये और प्रतिमाह 3500 रुपये फीस ली जाती है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा के लिए बुनियादी इंतजाम तक नहीं हैं. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इसे बंद करने की मांग की. कुछ अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई बाधित होने की चिंता भी जताई और प्रशासन से सुरक्षा के साथ शैक्षणिक व्यवस्था बनाए रखने की मांग की.

थाना में प्रदर्शन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

विद्यालय में विरोध के बाद परिजन रामगढ़ थाना पहुंचे और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर सजा की मांग की. इस बाबत जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह थाना ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है. वार्डन की गिरफ्तारी हो चुकी है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विद्यालय की मान्यता रद्द करने की उठी मांग

मामले को लेकर भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश मुर्मू ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और जांच में विद्यालय संचालक की संलिप्तता प्रमाणित होने पर विद्यालय की मान्यता रद्द करने की मांग की. उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी अपील की.

दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

समाजसेवी जीतलाल राय ने घटना को शर्मनाक बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का नामांकन कराने से पहले विद्यालय और छात्रावास की सुरक्षा, खानपान तथा बुनियादी सुविधाओं की जानकारी लेने की अपील की. साथ ही जिले के सभी आवासीय विद्यालयों की जांच कराने की मांग की.

पुलिस और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

मासूम के साथ कथित उत्पीड़न के मामले और निरीक्षण में सामने आई खामियों ने निजी विद्यालयों एवं छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस जांच और शिक्षा विभाग की आगे की कार्रवाई पर अभिभावकों एवं ग्रामीणों की निगाहें टिकी हैं.

रिपोर्ट: पंचम झा