Jharkhand

दुमका में देशभक्ति का जोश, शान से लहराया तिरंगा, राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा पूरा शहर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

दुमका (DUMKA): अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रोटी बैंक दुमका के तत्वावधान में बुधवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. रोटी बैंक के संस्थापक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त जतिन कुमार के नेतृत्व में निकली यात्रा में छात्र छात्राओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, व्यवसायियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. हाथों में तिरंगा और भारत माता के जयघोष से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.

विशाल तिरंगे ने खींचा लोगों का ध्यान

यात्रा की शुरूआत बड़ा बांध, रसिकपुर से हुआ. विशाल तिरंगे को छात्र-युवा मिलकर थामे हुए थे. भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा. मार्ग में राहगीरों और स्थानीय लोगों ने जगह जगह रुककर यात्रा का उत्साह बढ़ाया.

महापुरुषों और वीर शहीदों को किया नमन

यात्रा के दौरान कर्पूरी ठाकुर चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और स्वामी विवेकानंद चौक पर माल्यार्पण कर महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई. यात्रा के अंतिम चरण में सिदो कान्हू चौक, पोखरा बड़ा बांध पहुंचकर झारखंड के वीर आदिवासी नायकों सिदो कान्हू के संघर्ष और बलिदान को याद किया गया.

जगह जगह हुआ भव्य स्वागत

यात्रा के मार्ग में वेस्टर्न इंग्लिश स्कूल, पीएम श्री बेसिक स्कूल, मारवाड़ी उच्च विद्यालय, सिदो कान्हू स्कूल, बाल भारती सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं ने स्वागत किया. कुम्हारपाड़ा चौक पर सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से शरबत और पानी की व्यवस्था की गई. कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया.

युवा शक्ति ने दिया एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश

आयोजकों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, युवा शक्ति और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा महापुरुषों एवं वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है. यात्रा के समापन पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ. कार्यक्रम में गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल सहित काफी संख्या में गणमान्य शरीक हुए.

रिपोर्ट : पंचम झा