दुमका जिला के शिकारीपाड़ा में रविवार की रात ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद से लापता डीप बोरिंग का काम करने वाली कंपनी सिनर्जी जिओ टैग के जीएम सागर सिंह मीणा के निजी चालक अखिलेश कुमार पाल को सकुशल बरामद कर लिया गया है.विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों ने चालक को रविवार की रात से ही अपने कब्जे में रखा था. सोमवार शाम अंधेरा होने के बाद उसे घटनास्थल के समीप लाकर छोड़ दिया गया.चालक के साथ भी मारपीट किए जाने की सूचना है। उसे वहां से लाने के लिए एंबुलेंस रवाना कर दी गई है.
चालक के लापता होने से बढ़ी थी प्रशासन की बेचैनी
घटना के बाद से चालक अखिलेश कुमार पाल के लापता रहने से उसके परिजन बेहद चिंतित थे. वहीं, प्रशासन भी उसकी तलाश को लेकर लगातार बेचैन था। चालक की बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों के साथ-साथ प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है. हालांकि, उसके साथ मारपीट की सूचना के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है.
जीएम को मृत समझकर तालाब में फेंका था
रविवार की रात हुई हिंसक झड़प में एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए थे.इस दौरान कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा की ग्रामीणों ने बेरहमी से पिटाई की थी। उनकी हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि उन्हें मृत समझकर पहले तालाब में फेंक दिया गया. इसके बाद उन्हें उनकी ही गाड़ी में लाकर रख दिया गया. सोमवार सुबह गंभीर अवस्था में एंबुलेंस से उन्हें दुमका सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
एक के बाद एक घटनाक्रम से गहराया मामला
रविवार रात की हिंसक झड़प के बाद जीएम की गंभीर हालत और निजी चालक के लापता होने से मामला लगातार गंभीर होता चला गया था.अब चालक की बरामदगी से एक बड़ी चिंता जरूर दूर हुई है, लेकिन उसके साथ कथित मारपीट और पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल अब भी कायम हैं.