Jharkhand

ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को फिर मिली सफलता, 9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार

Pancham Jha Dumka
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को फिर मिली सफलता, 9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार

दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका में सफेद नशा का काला कारोबार अपनी जड़ें जमा चुका है. इस अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने जब कार्रवाई शुरू की तो नित नए खुलासे हो रहे है. हंसडीहा थाना क्षेत्र से पुलिस ने मंगलवार को लगभग 9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक को गिरफ्तार किया है. कल सोमवार को हंसडीहा थाना की पुलिस द्वारा लगभग 10 ग्राम नशे के सामान के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.

हंसडीहा थाना क्षेत्र से हुई दोनों को गिरफ्तारी

प्राप्त जानकारी के अनुरूप हंसडीहा थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि धावाटांड स्थित चंदन मरिक के अर्ध निर्मित मकान में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री कर रहा है. सूचना के आलोक में जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. टीम जब उक्त स्थल पर पहुंची तो पुलिस को देख कर दो युवक भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ा. तलाशी लेने पर दोनों युवक के पास से लगभग 9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. उसके बाद पुलिस ने दोनों युवक को गिरफ्तार कर लिया.

नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है दोनों युवक

पुलिस गिरफ्त में आये युवक का नाम अंकित कुमार मिश्रा और अनिरुद्ध गोराई है. दोनों युवक दुमका नगर थाना के रसिकपुर का रहने वाला है. अंकित के पास से 5.02 ग्राम जबकि अनिरुद्ध के पास से 4.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. दोनों को जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है.

हंसडीहा थाना क्षेत्र बन गया नशा के अवैध कारोबार का हब!

इस तरह देखें तो दो दिनों में कुल 5 युवकों को 19 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है. सभी की गिरफ्तारी हंसडीहा थाना क्षेत्र से हुई है जबकि गिरफ्तार सभी युवक दुमका शहर और आस पास का रहने वाला है. तो क्या यह समझा जाए कि हंसडीहा थाना क्षेत्र दुमका जिला में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का हब बन गया है. वैसे भी हंसडीहा थाना क्षेत्र की सीमा बिहार के साथ साथ झारखंड के गोड्डा जिला से लगता है. कहीं इस अवैध  कारोबार का जाल अंतरराज्यीय तो नहीं? 

किसके संरक्षण में चल रहा अवैध कारोबार, सरगना तक कब पहुंचेगी पुलिस

यह जाल रातों रात नहीं बना होगा, आखिर इतने दिनों तक पुलिस को सूचना क्यों नहीं मिली? आखिर किसके संरक्षण में सफेद नशा का काला कारोबार फल फूल रहा था? क्या पुलिस सरगना तक पहुंच पाएगी? इन तमाम सवालों का जवाब हो सकता है आने वाले समय में मिले.

पंचम झा