☰
Jharkhand

मासूम छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न से उपजा आक्रोश या लूट का मौका? संत पीटर स्कूल से लाखों का सामान गायब!

Pancham Jha Dumka
Pancham Jha Dumka
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

दुमका (DUMKA): दुमका जिला के रामगढ़ प्रखंड के जोगिया स्थित संत पीटर स्कूल में छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न की घटना को लेकर पहले से ही सुलग रहा आक्रोश अब एक नए विवाद में बदल गया है. शनिवार को विद्यालय परिसर से लेकर थाना तक अभिभावकों के विरोध प्रदर्शन के बाद देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने विद्यालय परिसर में जमकर लूटपाट की. विद्यालय में रखे अधिकांश सामान गायब कर दिए गए. घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.

टीवी-फ्रिज ही नहीं, दरवाजे और बिजली के तार तक उखाड़ ले गए
जानकारी के अनुसार  अज्ञात लोगों ने विद्यालय में रखे टीवी, फ्रिज, कूलर के अलावा कक्षा के बेंच, डेस्क, लकड़ी और लोहे के दरवाजे तक गायब कर दिए. बिजली की वायरिंग के तार, बल्ब और होल्डर भी नहीं छोड़े गए. इतना ही नहीं, विद्यालय में रखी किताबें, कॉपियां, खिड़कियां और छात्रावास में रहने वाले बच्चों के बक्सों को भी निशाना बनाया गया. पूरे परिसर में सामान को तहस नहस कर दिया गया. इस घटना से विद्यालय को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है.

उत्पीड़न के आरोप से पहले ही सुलग रहा था आक्रोश
गौरतलब है कि संत पीटर स्कूल में मासूम छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद से ही ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है. पीड़िता के पिता के आवेदन पर विद्यालय के संचालक इमानुएल मुर्मू और वार्डन नीली टुडू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस ने वार्डन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि संचालक फरार बताया जा रहा है. अभिभावक विद्यालय बंद करने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे.

न्याय की मांग के बीच कानून को किसने दी चुनौती?
विडंबना देखिए कि जिस विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, उसी परिसर में अब बच्चों और विद्यालय की संपत्ति पर अज्ञात लोगों ने हाथ साफ कर दिया. छात्रा के साथ कथित उत्पीड़न के खिलाफ आक्रोश और न्याय की मांग अपनी जगह है, लेकिन कानून को हाथ में लेकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी सूरत में उचित नहीं ठहराया जा सकता. इस घटना ने विरोध प्रदर्शन की आड़ में अराजकता फैलाने वालों की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

बच्चों के बक्से तक सुरक्षित नहीं, आखिर जिम्मेदार कौन?
सबसे गंभीर पहलू यह है कि विद्यालय की संपत्ति के साथ छात्रावास में रहने वाले बच्चों के निजी सामान और बक्सों को भी निशाना बनाया गया. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस घटना को किसने अंजाम दिया? क्या विद्यालय परिसर में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी? और बच्चों के सामान की जिम्मेदारी आखिर किसकी थी?

पुलिस जांच की चुनौती, दोषियों की पहचान जरूरी
एक ओर छात्रा के साथ कथित उत्पीड़न का मामला पुलिस जांच के अधीन है, वहीं दूसरी ओर विद्यालय में हुई लूटपाट ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. अब जरूरी है कि पुलिस देर रात हुई इस घटना की निष्पक्ष जांच कर अज्ञात लोगों की पहचान करे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे. छात्राओं को न्याय दिलाने के साथ साथ बच्चों की संपत्ति की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है.