☰
Jharkhand

दुमका:लोन का झांसा, मशीन-फ्रिज का सपना और जमा रकम गायब! महिलाओं के आक्रोश से दो घंटे ठप रहा मुख्य मार्ग

Pancham Jha Dumka
Pancham Jha Dumka
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

दुमका: लोन के साथ सिलाई मशीन और फ्रिज देने का भरोसा देकर दुमका जिला के हंसडीहा और सरैयाहाट थाना क्षेत्र की हजारों महिलाओं से करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं उत्तम माइक्रो फाइनेंस एसोसिएशन के हंसडीहा और सरैयाहाट स्थित कार्यालय पहुंचीं. महिलाओं के पहुंचते ही अधिकांश कर्मियों के कार्यालय से निकल जाने की बात सामने आई.

कार्यालय में मौजूद कर्मी को घेरा, जमा राशि लौटाने की मांग

हंसडीहा कार्यालय में मौजूद कर्मी आलोक साह को महिलाओं और ग्रामीणों ने पकड़ लिया और जमा राशि वापस करने की मांग करने लगे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आलोक साह को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर थाना ले गई.

गुस्सा सड़क पर उतरा, दो घंटे तक थमा रहा आवागमन

कर्मी को थाना ले जाने के बाद आक्रोशित महिलाओं ने जमा राशि वापस कराने की मांग को लेकर हंसडीहा थाना के सामने हंसडीहा भागलपुर मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. गर्मी में जाम में फंसे यात्रियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

महिलाओं का आरोप : रुपये जमा कराए, न लोन मिला न सामान

महिलाओं का आरोप है कि संस्था की ओर से लोन उपलब्ध कराने के साथ सिलाई मशीन और फ्रिज देने का भरोसा दिया गया था. इसी भरोसे पर उनसे रुपये जमा कराए गए. लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो लोन मिला और न ही सिलाई मशीन व फ्रिज उपलब्ध कराया गया. इसके बाद महिलाओं ने कार्यालय पहुंचकर अपनी जमा राशि वापस करने की मांग शुरू कर दी.

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ आक्रोश

जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने कहा कि लिखित आवेदन मिलने के बाद ही मामले की विधिवत जांच आगे बढ़ाई जा सकेगी. थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव के समझाने बुझाने के बाद महिलाएं जाम समाप्त करने के लिए राजी हुईं. करीब दो घंटे बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ.

लिखित शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी

थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि महिलाओं की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलते ही मामले की जांच की जाएगी और जांच में तथ्य सामने आने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.