TNP डेस्क: दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में सोमवार को एक कमरे से युवक का शव पंखे से लटका मिला. मृतक की पहचान देवघर जिला के दोयम तेलियाडीह गांव निवासी सोनू राउत, पिता अनिल राउत के रूप में हुई है.घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
करीब दो महीने से विधायक आवास में खाना बनाने का करता था काम
जानकारी के अनुसार सोनू राउत विगत दो महीने से जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुमार के यहां खाना बनाने का काम करता था. मनसा पूजा को लेकर वह कुछ दिन पहले अपने गांव गया था और शनिवार को ही वापस नोनीहाट लौटा था। वह नोनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में रहकर खाना बनाने का काम करता था.
नाश्ता बनाने के बाद कमरे में चला गया था युवक
जानकारी के अनुरूप सोमवार की सुबह सोनू ने रोज की तरह नाश्ता तैयार किया। नाश्ता बनाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया. दोपहर का खाना बनाने का समय होने पर जब उसे बुलाने के लिए लोग कमरे के पास पहुंचे तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद कमरे में जाकर देखा गया तो सोनू का शव पंखे से लटका हुआ था. शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सीडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में हंसडीहा और रामगढ़ थाना की पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया. घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई.
परिजनों ने लिखित आवेदन देकर जताई हत्या की आशंका
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंचे. परिजनों ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. इस संबंध में मृतक के परिजनों ने हंसडीहा थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जरमुंडी विधायक सहित नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मृतक के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले में कुल नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर का नाम शामिल है. पुलिस अब प्राथमिकी में नामजद लोगों समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
दुमका एसपी ने कहा- हत्या या आत्महत्या पर अभी स्पष्ट नहीं
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि नोनीहाट डाक बंगला में फंदे से लटका एक युवक का शव बरामद हुआ है. प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि मामले में कुल नौ अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
एसपी ने कहा कि घटना की पूरी तरह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, लोगों के बयान और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल
युवक की संदिग्ध मौत से उसके परिजनों में मातम पसरा हुआ है.वहीं, घटना के बाद नोनीहाट में भी तरह तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है.