Jharkhand

25 हजार की रिश्वत मांगने वाला प्रधान लिपिक ACB के जाल में फंसा, 5 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
25 हजार की रिश्वत मांगने वाला प्रधान लिपिक ACB के जाल में फंसा, 5 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

दुमका (DUMKA): झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में दुमका जिले के सरैयाहाट अंचल कार्यालय में ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी जमीन संबंधी जांच रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय भेजने के एवज में 25 हजार रुपये की घूस मांग रहा था. ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया.

जानकारी के अनुसार, मंडलडीह गांव निवासी दीपक दास ने ACB से शिकायत की थी कि उनकी जमीन से जुड़ी जांच रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय भेजने के लिए प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं. शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार किया और पूरे मामले की जानकारी ACB को दी. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया.

सत्यापन के बाद ACB ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. तय योजना के तहत बुधवार को शिकायतकर्ता ने प्रधान लिपिक को 5 हजार रुपये दिए. जैसे ही आनंद भारद्वाज ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी को अपने साथ दुमका ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई के बाद सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया. कर्मचारी और अधिकारी इस कार्रवाई को लेकर पूरे दिन चर्चा करते रहे. ACB की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान की एक और बड़ी सफलता माना जा रहा है.

रिपोर्ट : पंचम झा