दुमका : दुमका शहर के दादी श्याम मंदिर रोड में क्रॉम्पटन कंपनी के नाम पर कथित तौर पर नकली वायर बेचे जाने का मामला सामने आया है.क्रॉम्पटन कंपनी की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने मां सुशीला ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में कार्रवाई करते हुए 35 बंडल वायर जब्त किए हैं. जब्त वायर की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है.
कंपनी के आईपी सेल की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
बताया गया कि क्रॉम्पटन कंपनी के आईपी सेल के जोनल हेड टोटन चक्रवर्ती की सूचना पर नगर थाना पुलिस ने गोदाम में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान कंपनी के नाम से पैक वायर के 35 बंडल बरामद किए गए. पुलिस अब जब्त वायर की जांच और उसकी वास्तविकता का सत्यापन कर रही है.
कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार, बरामद वायर का इस्तेमाल मुख्य रूप से समर्सिबल मोटर में किया जाता है. कंपनी की ओर से इसे नकली बताए जाने के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि जब्त वायर वास्तव में नकली है या नहीं.
15 लाख के वायर ने खड़े किए बड़े सवाल
करीब 15 लाख रुपये मूल्य के वायर की बरामदगी ने बाजार में नकली ब्रांडेड उत्पादों की बिक्री को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. कंपनी की ओर से आरोप लगाया गया है कि उसके ब्रांड के नाम का इस्तेमाल कर नकली उत्पाद बाजार में खपाने की कोशिश की जा रही थी.
दुकान संचालक हिरासत में, पूछताछ जारी
कार्रवाई के बाद दुकान के संचालक कृष्णा अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. कंपनी के आईपी सेल के जोनल हेड टोटन चक्रवर्ती ने बताया कि दुकानदार के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी.
दिल्ली के वेंडर से खरीदा, असली-नकली की जानकारी नहीं
वहीं, मां सुशीला ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर कृष्णा अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने वायर दिल्ली के एक वेंडर के माध्यम से खरीदा था. उनका कहना है कि वायर असली है या नकली, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी. उन्होंने खुद को नकली उत्पाद बेचने के आरोप से अनभिज्ञ बताया है.
जांच के बाद खुलेगा असली-नकली का राज
फिलहाल पुलिस ने वायर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जब्त सामग्री की तकनीकी जांच, खरीद के दस्तावेज और संबंधित वेंडर से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी. कंपनी की शिकायत और दुकानदार के पक्ष के बीच अब पुलिस की जांच अहम हो गई है.
रिपोर्ट पंचम झा
