Jharkhand

स्वतंत्रता दिवस को लेकर दुमका में उत्साह, राज्यपाल करेंगे ध्वजारोहण

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

दुमका (DUMKA): झारखंड की उपराजधानी दुमका में स्वतंत्रता दिवस को लेकर चहल-पहल तेज है. शहर में जगह-जगह तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रशासनिक स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

पुलिस लाइन मैदान में होगा मुख्य समारोह
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्य समारोह पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया जाएगा. यहां सुबह 9 बजे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ध्वजारोहण करेंगे. इसके बाद मार्च पास्ट एवं परेड का आयोजन किया जाएगा.

14 प्लाटून लेंगे परेड में हिस्सा
मुख्य समारोह में कुल 14 प्लाटून शामिल होंगे. समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है. प्रशासन की ओर से समारोह को व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

राज्यपाल का दुमका पहुंचने पर हुआ स्वागत
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार को दुमका पहुंचे. हवाई अड्डे पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत जिले के तमाम वरीय पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान हवाई अड्डा परिसर में राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.

लोक भवन में करेंगे रात्रि विश्राम
हवाई अड्डे से राज्यपाल सीधे लोक भवन पहुंचे. इसके बाद उन्होंने मूक-बधिर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. कार्यक्रम के उपरांत वे लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगे.

समारोह के बाद रांची होंगे रवाना
शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने और ध्वजारोहण करने के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रांची के लिए रवाना होंगे. राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल की विशेष व्यवस्था की गई है.

रिपोर्ट : पंचम झा