दुमका (DUMKA): जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के मकरमपुर स्थित सेल्फी ब्रिज पर सोमवार को एक विवाहिता ने अचानक पुल से नीचे नदी में छलांग लगा दी. महिला को नदी में गिरते देख आसपास मौजूद दुकानदार और ग्रामीण तत्काल बचाव में जुट गए. समय रहते किए गए प्रयास से महिला की जान बचा ली गई.
जानकारी के अनुसार जामा थाना क्षेत्र के चिकनिया गांव निवासी रागिनी भंडारी टोटो से मकरमपुर स्थित सेल्फी ब्रिज पहुंची थी. उनके पति का नाम महेश कुमार बताया जा रहा है. महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुल पर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी.
महिला को नदी में गिरते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया. घटना के बाद कुछ ही क्षणों में दुकानदार और ग्रामीण नदी की ओर दौड़ पड़े. बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिया.
रस्सी का सहारा, फिर नाव लेकर नदी में उतरे ग्रामीण
एक स्थानीय दुकानदार ने तत्काल रस्सी फेंककर महिला को सहारा देने का प्रयास किया. इसी दौरान मकरमपुर के ग्रामीण नाव लेकर मौके पर पहुंच गए. नाव की मदद से ग्रामीण महिला तक पहुंचे और उसे नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया.
कुछ मिनट की देरी पड़ सकती थी भारी
ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. महिला को समय रहते नदी से बाहर निकाल लिया गया. घटना के बाद काफी देर तक सेल्फी ब्रिज के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही और अफरा तफरी का माहौल बना रहा.
महिला के पास मौजूद बैग की जांच करने पर उसमें एक महिला चिकित्सक की पर्ची मिलने की जानकारी सामने आई है. घटना के बाद महिला ठीक से बोल पाने की स्थिति में नहीं थी. ऐसे में उसके नदी में छलांग लगाने के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी.
घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है. महिला के बयान और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया. ममकरमपुर स्थित सेल्फी ब्रिज पर हुई इस घटना में ग्रामीणों की सजगता ने एक जिंदगी बचा ली. अगर स्थानीय लोग समय पर सक्रिय नहीं होते तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
रिपोर्ट : पंचम झा
