☰
Jharkhand

दुमका:बच्चा चोरी का संदेह जताकर महिला को पकड़ा, पूछताछ के लिए पुलिस ले गई थाना

Pancham Jha Dumka
Pancham Jha Dumka
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

 दुमका:सिविल सर्जन आवासीय परिसर में शुक्रवार को संदिग्ध गतिविधि के संदेह में स्थानीय लोगों ने एक महिला को पकड़ लिया. कुछ लोगों को आशंका थी कि महिला बच्चा चोरी के इरादे से वहां आई हो सकती है, हालांकि इस आशंका की अब तक पुष्टि नहीं हुई है. सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पूछताछ के लिए थाने ले गई. देर शाम तक उससे पूछताछ जारी थी.

कचरा चुनने के दौरान लोगों को हुआ संदेह
जानकारी के अनुसार दो महिलाएं परिसर में कचरा चुन रही थीं. इसी दौरान आवासीय परिसर में रहने वाले बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें टोका. इसके बाद दोनों महिलाएं वहां से जाने लगीं.उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद कुछ लोगों को संदेह हुआ और परिसर में शोर मचने लगा

दीवार फांदकर भागने की कोशिश, लोगों ने रोका

शोरगुल के बीच एक महिला ने दीवार फांदकर वहां से निकलने का प्रयास किया. इस दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया और करीब एक घंटे तक अपने पास रखा.लोगों की पूछताछ के दौरान महिला ने खुद को चोर मानने से इनकार किया.उसका कहना था कि वह कचरा चुनने आई थी और शोर मचने पर डरकर भागने की कोशिश कर रही थी.

पुलिस ने थाने लाकर शुरू की पूछताछ

सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाना ले गई.पुलिस पूछताछ में महिला ने खुद को रानीश्वर का निवासी बताया और कहा कि वह कचरा चुनने का काम करती है. पुलिस महिला से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है.

आवेदन नहीं मिला, आरोप की पुष्टि बाकी

पुलिस के अनुसार  मामले में अब तक किसी ने कार्रवाई के लिए आवेदन नहीं दिया है.महिला को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है.फिलहाल बच्चा चोरी से संबंधित किसी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है.जांच पूरी होने से पहले महिला को बच्चा चोर बताना उचित नहीं होगा.