Dumka: दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में कोल ब्लॉक सर्वे के विरोध में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में ग्रामीणों की भीड़ पुलिस प्रशासन की गाड़ी को रोकती नजर आ रही है. इस बीच भीड़ में भगवा वस्त्र पहने एक व्यक्ति की मौजूदगी भी चर्चा में है. पुलिस अब इस व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है.
ग्रामीणों को भड़काने का आरोप, मास्टरमाइंड होने की चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भगवा वस्त्रधारी व्यक्ति पर ग्रामीणों को भड़काने और पूरे घटनाक्रम को उकसाने का आरोप लगाया जा रहा है। उसे घटना का कथित मास्टरमाइंड भी बताया जा रहा है। हालांकि, उसकी पहचान और घटना में उसकी वास्तविक भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला हो सकता है। पुलिस वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
अवैध खनन माफिया की भूमिका की भी जांच
कोल ब्लॉक सर्वे के विरोध के दौरान अचानक हिंसा भड़कने के पीछे अवैध खनन से जुड़े माफिया की भूमिका होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखकर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हालांकि, फिलहाल इस आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस अब सामने आए वीडियो के आधार पर घटनास्थल पर मौजूद लोगों की पहचान करने और हिंसा में शामिल व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि झड़प अचानक उपजे विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे किसी की सुनियोजित भूमिका थी।