दुमका (DUMKA): दुमका जिले के सदर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षक द्वारा छात्रा की कथित पिटाई का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि कक्षा छह की छात्रा अनु मुर्मू से सवाल का जवाब नहीं देने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह शिक्षक रणधीर मल्लाह ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, केंदपानी गांव की रहने वाली आदिवासी छात्रा अनु मुर्मू उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा है. परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थी, लेकिन इसके बावजूद पढ़ाई के लिए स्कूल पहुंची थी. कक्षा के दौरान प्रधानाध्यापक रणधीर मल्लाह पढ़ा रहे थे. इसी दौरान उन्होंने छात्रा से चुप रहने का कारण पूछा. आरोप है कि कई बार पूछने के बावजूद जब छात्रा ने कोई जवाब नहीं दिया तो शिक्षक नाराज हो गए और उसकी पिटाई कर दी.
परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को छड़ी से पीटा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश जैसी हो गई. इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्रा के परिवार को सूचना दी. सूचना मिलने पर पिता स्कूल पहुंचे और निजी वाहन से बेटी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया. छात्रा ने भी अस्पताल में बताया कि सवाल का जवाब नहीं देने पर शिक्षक ने उसे छड़ी से पीटा. वहीं, यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान अन्य छात्राओं की भी पिटाई की गई, लेकिन डर की वजह से वे सामने नहीं आईं.
हालांकि, प्रधानाध्यापक रणधीर मल्लाह ने छड़ी से पिटाई के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि छात्रा किसी बात का जवाब नहीं दे रही थी, जिससे उन्हें गुस्सा आ गया और उन्होंने उसे केवल एक थप्पड़ मारा था. उनके अनुसार छात्रा पहले से बीमार थी, इसलिए वह बेहोश हो गई. उन्होंने छड़ी से मारपीट की बात को पूरी तरह गलत बताया. इधर, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) से जांच रिपोर्ट मांगी गई है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : पंचम झा
