☰
Jharkhand

दुमका:कालीपाथर में युवक की गला रेतकर हत्या, तालाब के पास झाड़ी में मिला शव

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

दुमका: जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कालीपाथर गांव में 18 वर्षीय युवक विनोद मरांडी की हंसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी गई. रविवार दोपहर उसका शव गांव के तालाब से कुछ दूरी पर झाड़ी में मिला. शव के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हंसुआ भी बरामद किया है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. मृतक के पिता जेशु मरांडी के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है.

शनिवार रात में बिना बताए घर से निकला था विनोद

परिजनों के अनुसार  शनिवार रात करीब नौ बजे विनोद बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया था. पिता जेशु मरांडी ने उसे घर से जाते हुए देखा था. रात करीब दस बजे तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से उसकी तलाश शुरू की. हालांकि रात होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. रविवार सुबह भी गांव के लोगों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली.

तालाब के पास झाड़ी में शव मिलने से मचा हड़कंप

रविवार दोपहर तालाब की ओर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर झाड़ी में पड़े विनोद के शव पर पड़ी. इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. गांव में घटना की खबर फैलते ही शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

शव के पास मिला हत्या में प्रयुक्त हंसुआ

पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान शव के पास से हंसुआ बरामद किया है. प्रारंभिक जांच में युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है.

दो बेटियों के बाद हुआ था विनोद, खेती में पिता का बंटाता था हाथ

विनोद अपने परिवार का इकलौता बेटा था. पिता जेशु मरांडी के अनुसार दो बेटियों के बाद विनोद का जन्म हुआ था. वह खेतीबाड़ी में भी पिता का हाथ बंटाता था. पिता का कहना है कि विनोद की किसी से दुश्मनी की जानकारी उन्हें नहीं है. ऐसे में उसका रात में घर से निकलना और फिर हत्या कर दिया जाना परिवार के लिए बड़ा सवाल बना हुआ है.

अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

मुफस्सिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान ने बताया कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है. हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है. परिजन फिलहाल किसी पर संदेह नहीं जता पा रहे हैं. अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है. पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपितों की पहचान करने में जुटी है.