दुमका(DUMKA): नगर थाना क्षेत्र के नीचे बाजार स्थित नया टोला में बुधवार दोपहर चोरी की नीयत से घर में घुसे दो युवकों में से एक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपी की लोगों ने पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा.
घर में अकेली थी महिला, शोर मचाने पर भागने लगा आरोपी
जानकारी के अनुसार नीचे बाजार स्थित नेहा रेडिमेड दुकान के संचालक शंभू मेहरिया के नया टोला स्थित आवास पर दोपहर करीब एक बजे दो युवक चोरी के इरादे से घुस गए. उस समय घर के सभी पुरुष सदस्य दुकान पर थे और घर में केवल एक महिला मौजूद थी. महिला की नजर जैसे ही दोनों युवकों पर पड़ी, उसने शोर मचा दिया. शोर सुनते ही दोनों आरोपित घर से भाग निकले.
मुहल्लेवासियों ने पीछा कर एक युवक को दबोचा
महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भाग रहे दोनों युवकों का पीछा किया. काफी दूर तक पीछा करने के बाद लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.
पेड़ से बांधकर की पिटाई, साथी का भी बताया नाम
पकड़े गए युवक की पहचान शिवपहाड़ निवासी राजू दास के रूप में हुई है. लोगों ने उसे पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी. पूछताछ के दौरान राजू दास ने बताया कि वह अपने साथी डाक्टर सिंह के साथ चोरी की नीयत से घर में घुसा था, लेकिन महिला के शोर मचाने पर दोनों को भागना पड़ा.
सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना के एएसआई अनुज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गए. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है.
जेल भेजने की तैयारी
नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा.