दुमका: जिला के शिकारीपाड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की एक खेप बरामद की. पुलिस ने दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर सरसडंगाल के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली.
गिट्टी के नीचे छिपा था शराब का जखीरा
पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने ट्रक में शराब की पेटियां लोड करने के बाद उसके ऊपर गिट्टी भर दी थी. बाहर से देखने पर ट्रक में सिर्फ गिट्टी नजर आ रही थी, लेकिन पुलिस की सटीक सूचना ने तस्करों की पूरी चाल पर पानी फेर दिया.
गिट्टी हटाते ही खुल गया राज
तलाशी के दौरान जब पुलिस ने ट्रक से गिट्टी हटाई तो उसके नीचे शराब की पेटियां देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. इसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर अवैध शराब को जब्त कर लिया गया.
झारखंड से बिहार तक था तस्करी का रास्ता
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शराब झारखंड से लोड कर बिहार ले जाई जा रही थी. बरामदगी ने एक बार फिर झारखंड-बिहार मार्ग पर अवैध शराब की तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शराब समेत ट्रक को जब्त कर लिया है. अब पुलिस ट्रक से जुड़े लोगों और इस तस्करी में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.