दुमका: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दुमका के पोखरा चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष शिव कुमार बास्की के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारी और काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की.
‘भाजपा के इशारे पर काम कर रहा चुनाव आयोग’
प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए. नेताओं ने कहा कि आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर अब देशभर में सवाल उठ रहे हैं. झामुमो नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की कथित भूमिका के खिलाफ पार्टी अपना विरोध लगातार दर्ज कराती रहेगी.
‘नैतिकता के आधार पर दें इस्तीफा’
झामुमो नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की. नेताओं का कहना था कि संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का भरोसा कायम रखना जरूरी है और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी विवाद को गंभीरता से लिया जाना चाहिए.
झामुमो ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं करेगा : डॉ लुईस मरांडी
जामा विधायक डा. लुईस मरांडी और शिकारीपाड़ा विधायक आलोक कुमार सोरेन समेत पार्टी नेताओं ने कहा कि झामुमो चुनाव प्रक्रिया से जुड़े ऐसे किसी भी कदम का विरोध करेगा, जिसे पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ मानती है. नेताओं ने कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम को देख और समझ रही है.
पोखरा चौक पर जुटी पार्टी की भीड़
विरोध प्रदर्शन में निशित वरण गोलदार, सुनीता मरांडी, सबिता टुडू, रवि यादव, केंद्रीय समिति सदस्य राजेश कुमार सिंह, विजय दास, मो. आरिफ, दीपक केवट, विजय मल्लाह, बासुदेव टुडू, बाबूजन हेंब्रम, विभीषण मुर्मू, नंदलाल राउत, जब्बार अंसारी, चुंडा हेंब्रम, प्रभु हांसदा, मुन्ना बास्की एवं बाबूलाल मुर्मू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.