☰
Jharkhand

नाबालिग हत्याकांड पर उबला दुमका, छात्रों ने अंबेडकर चौक किया जाम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

दुमका (DUMKA): जिला के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से जुड़े मामले को लेकर दुमका जिला मुख्यालय में आक्रोश गहराता जा रहा है. घटना के विरोध में सोमवार को झारखंड छात्र सभा के बैनर तले सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए. छात्रों ने एसपी कॉलेज मैदान से रैली निकाली और अंबेडकर चौक पहुंचकर सड़क जाम कर दिया. इससे आवागमन प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

आरोपियों की गिरफ्तारी और फांसी की मांग
आंदोलनकारी की मांग है कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और दोष सिद्ध होने पर उन्हें फांसी की सजा दी जाए. छात्रों का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है. अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने न्याय की मांग को लेकर अपना आक्रोश जाहिर किया.

गाय लाने खेत गई थी किशोरी, मिला था शव
गौरतलब है कि शनिवार को काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग किशोरी का शव बरामद हुआ था. बताया जाता है कि किशोरी गाय लाने खेत गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी. बाद में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर चर्चा
सूत्रों के हवाले से सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने की बात कही जा रही है. हालांकि, इस संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद से इलाके में आक्रोश है और लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

 

गैंगस्टर की कथित अपील से बढ़ी चर्चा 
इस मामले को लेकर गैंगस्टर राहुल सिंह के नाम से छात्राओं को हथियार उठाने की अपील किए जाने की भी चर्चा है. कथित रिलीज में हथियार उपलब्ध कराने का भरोसा दिए जाने की बात कही जा रही है. हालांकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है. 

आंदोलनकारियों ने क्या कहा
नाबालिग किशोरी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों में भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि मामले में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और लोगों का कानून-व्यवस्था पर भरोसा बना रहे. आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की. प्रदर्शन में शामिल छात्रों का क्या कहना है, सुनिए.

रिपोर्ट : पंचम झा